कोरोना वायरस की आरटीपीसीआर जांच बढ़ाएं राज्य सरकारें: केंद्र सरकार
नई दिल्ली
महाराष्ट्र और केरल समेत आधा दर्जन राज्यों में कोरोना संक्रमण के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। इससे चिंतित केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों से सख्त कदम उठाने को कहा है। इसके तहत आरटीपीसीआर टेस्ट बढ़ाने, एंटीजन टेस्ट निगेटिव आने पर अनिवार्य रूप से आरटीपीसीआर टेस्ट करने, कंटेनमेंट जोन में सख्ती बरतने तथा नए संक्रमण की पहचान के लिए सर्विलांस तेज करने को कहा गया है। पिछले कुछ दिनों से लगतार नए मरीजों की संख्या बढ़ रही है। रविवार को 14264 नए मरीज आए हैं। चार जनवरी के बाद यह संख्या सर्वाधिक है। तब 18855 मामले आए थे। नए मरीज बढ़ने से अब सक्रिय मरीजों की संख्या में बढ़ोत्तरी का रुझान है। रविवार को सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 145634 हो गई। इसमें 2507 की बढ़ोत्तरी पिछले चौबीस घंटों के दौरान हुई है। जबकि एक दिन पहले 3585 सक्रिय मरीज बढ़े थे।
छह राज्यों में बढ़े कोरोना मामले
स्वास्थ्य मंत्रायय के अनुसार नए संक्रमणों में 74 फीसदी मामले महाराष्ट्र एवं केरल से आए हैं। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 6281, केरल में 4650, पंजाब में 352, मध्य प्रदेश में 257, छत्तीसगढ़ में 263 तथा जम्मू-कश्मीर में 68 नए मामले पिछले चौबीस घंटों के दौरान आए हैं। इन सभी छह राज्यों में नए संक्रमणों में बढ़ोतरी का रुझान है।
पांच राज्यों में पॉजिटिविटी दर ज्यादा
मंत्रालय ने कहा कि कुल पांच राज्य ऐसे हैं जहां साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट राष्ट्रीय औसत 1.79 फीसदी से ज्यादा है। इनमें महाराष्ट्र, केरल के अलावा आंध्र प्रदेश, गोआ तथा चंडीगढ़ शामिल हैं। यह भी एक चिंता का विषय है। इन राज्यों को कहा गया है कि वे ज्यादा से ज्यादा आरटीपीसीआर टेस्ट करें। एंटीजन टेस्ट में रिपोर्ट नेगेटिव आती है तो आरटीपीसीआर टेस्ट करें। इसके अलावा ज्यादा प्रभावित जिलों, क्षेत्रों में कंटेनमेंट जोन में सख्ती बढ़ाएं। उपचार एवं कांट्रेक्ट ट्रेसिंग पर फोकस बढ़ाएं।

पाठको की राय